
मोहाली : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने आज 11 मई, 2026 को 10वीं कक्षा के वार्षिक परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें छात्रों का प्रदर्शन शानदार रहा है। इस वर्ष राज्य का कुल पास प्रतिशत 94.52 दर्ज किया गया है। फरीदकोट जिले के जैतो की रहने वाली हरलीन शर्मा ने 650 में से 646 अंक (99.38%) प्राप्त कर पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल किया है। मेरिट सूची में रोपड़ के मनी महेश शर्मा और होशियारपुर की रिया रानी ने 645 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार भी लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ते हुए अपनी बढ़त कायम रखी है। लड़कियों का पास प्रतिशत 95.96 रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 93.23 रहा। दिलचस्प बात यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों (95.35%) ने शहरी क्षेत्रों (92.98%) के मुकाबले बेहतर परिणाम दिए हैं। जिला स्तर पर अमृतसर 98.41% पास प्रतिशत के साथ राज्य में सबसे आगे रहा, जबकि फिरोजपुर दूसरे स्थान पर रहा।
परीक्षा में कुल 2,69,505 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 2,54,744 छात्र सफल हुए हैं। छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर देख सकते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन परिणाम अनंतिम (provisional) हैं और मूल मार्कशीट जल्द ही स्कूलों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
PSEB 10वीं के नतीजे: हरलीन शर्मा ने 99.38% अंकों के साथ पंजाब में किया टॉप, लड़कियों ने फिर मारी बाजी
