
चंडीगढ़ : सोनम बाजवा और परमवीर चीमा की आने वाली पंजाबी फिल्म ‘पिट सियापा’ अपनी रिलीज से पहले ही कानूनी मुसीबतों में फंस गई है और चंडीगढ़ की एक अदालत ने इसकी रिलीज पर रोक लगा दी है। इस फिल्म पर कहानी चोरी करने के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसके कारण दो अलग-अलग लेखकों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। लेखक राजन नंदन ने दावा किया है कि फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट उनकी 2021 में रजिस्टर्ड कहानी ‘आखिरी यात्रा.com’ से काफी मिलती-जुलती है। इसके साथ ही मशहूर लेखिका दीप्ति बबूता ने भी आरोप लगाया है कि फिल्म की कहानी उनकी 2019 की रचना ‘VIP भोग’ से चोरी की गई है। अदालत ने इन दलीलों को सुनने के बाद फिल्म की 1 मई को होने वाली रिलीज पर अस्थाई रोक लगा दी है और फिल्म के निर्माताओं को इस मामले पर अपना जवाब दाखिल करने के लिए नोटिस जारी किया है। लेखकों का कहना है कि उनकी बौद्धिक संपदा की नकल करना कानूनी रूप से गलत है और इस मामले में इंसाफ मिलना चाहिए। इस विवाद के कारण फिल्म इंडस्ट्री में नई चर्चा छिड़ गई है और अब अगली सुनवाई के बाद ही फिल्म के भविष्य का फैसला होगा
पंजाबी फिल्म ‘पिट सियापा’ पर कानूनी ग्रहण: कहानी चोरी के आरोप में कोर्ट ने रिलीज पर लगाई रोक
