
रइया में आज उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब मुख्यमंत्री भगवंत मान की ‘शुक्राना यात्रा’ के दौरान खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की माता बलविंदर कौर ने उनका रास्ता रोक लिया। भारी सुरक्षा घेरे को चीरते हुए बलविंदर कौर मुख्यमंत्री की चलती गाड़ी के बिल्कुल नजदीक पहुंच गईं। जैसे ही गाड़ी रुकी, उन्होंने भावुक होते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का हाथ पकड़ लिया और सीधा सवाल किया कि उनके बेटे को असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब वापस क्यों नहीं लाया जा रहा है।
माता बलविंदर कौर ने CM मान को मुखातिब होते हुए कहा, “आप भी किसी मां के बेटे हो, एक मां का दर्द समझो। जब अमृतपाल पर लगे NSA (नेशनल सिक्योरिटी एक्ट) की मियाद खत्म हो चुकी है, तो फिर उसे पंजाब की जेल में ट्रांसफर करने में देरी क्यों की जा रही है?” इस दौरान वहां मौजूद अमृतपाल के समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। मुख्यमंत्री ने कुछ पल उनकी बात सुनी, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब दिए बिना ही उनका काफिला आगे बढ़ गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राज्य में राजनीतिक और कानूनी बहस को फिर से गरमा दिया है।
रइया में CM मान का काफिला रोक अमृतपाल की माता ने पकड़ा हाथ, भावुक होकर पूछा- मेरे बेटे को पंजाब कब लाओगे
