
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) द्वारा आज 12वीं कक्षा का वार्षिक परिणाम आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया गया है, जिसमें राज्य का कुल पास प्रतिशत 91.46% रहा है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक मेरिट सूची के अनुसार, इस वर्ष तीन छात्राओं ने 500 में से पूरे 500 अंक (100%) हासिल करके संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। इनमें साइंस स्ट्रीम की सुपनीत कौर (गुरुकुल एकेडमी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मानसा), ह्यूमैनिटीज (आर्ट्स) की सुहानी चौहान (बी.सी.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लुधियाना) और दीवांशी (तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लुधियाना) शामिल हैं। बोर्ड के नियमों के मुताबिक, उम्र में छोटे होने के आधार पर सुपनीत कौर को पहला, सुहानी को दूसरा और दीवांशी को तीसरा रैंक दिया गया है। नतीजों में एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है, जहाँ छात्राओं का पास प्रतिशत 94.73% रहा, वहीं छात्रों (लड़कों) का पास प्रतिशत 88.52% दर्ज किया गया है। यदि विभिन्न स्ट्रीम की बात करें तो कॉमर्स का परिणाम सबसे बेहतर 98.78% और साइंस का परिणाम 98.47% रहा है, जबकि वोकेशनल में 87.80% और आर्ट्स में 87.74% छात्र पास हुए हैं। परीक्षा में शामिल हुए कुल 2,65,417 परीक्षार्थियों में से 2,42,755 छात्र सफल रहे हैं, जबकि 17,495 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है। अब सभी परीक्षार्थी बोर्ड के मुख्य पोर्टल Punjab School Education Board पर जाकर अपना रोल नंबर या नाम दर्ज करके परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल के जरिए “PB12 <रोल नंबर>” लिखकर 5676750 पर एसएमएस भेजकर भी अंक देखे जा सकते हैं। छात्र कॉलेज दाखिले के लिए अपनी डिजिटल प्रोविजनल मार्कशीट DigiLocker App से भी सुरक्षित डाउनलोड कर सकते हैं
पीएसईबी (PSEB) 12वीं का परिणाम घोषित: 91.46% छात्र हुए पास, सुपनीत कौर, सुहानी चौहान और दीवांशी ने 100% अंकों के साथ हासिल किया पहला स्थान
