
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 66वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 89 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस बेहद अहम मैच में चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। गुजरात की ओर से साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रन, कप्तान शुभमन गिल ने 64 रन और जोस बटलर ने नाबाद 57 रनों की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
जवाब में 230 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम गुजरात के गेंदबाजों के आगे पूरी तरह बेबस नजर आई और महज 13.4 ओवरों में 140 रनों पर ही ढेर हो गई। सीएसके की ओर से सिर्फ शिवम दुबे ने कुछ संघर्ष दिखाते हुए 17 गेंदों में 47 रन बनाए, लेकिन वे भी टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके। गुजरात के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और कागिसो रबाडा ने चेन्नई के को पूरी तरह झकझोर दिया, जबकि राशिद खान ने मध्य ओवरों में घातक गेंदबाजी की। रनों के लिहाज से यह चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल इतिहास की सबसे शर्मनाक और सबसे बड़ी हार साबित हुई है। इस शानदार जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ की रेस में में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि पांच बार की चैंपियन रही चेन्नई सुपर किंग्स का सफर इस सीजन में यहीं खत्म हो गया है
IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से हराकर टूर्नामेंट से किया बाहर, रनों के लिहाज से सीएसके की ऐतिहासिक सबसे बड़ी हार
