
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (MI) को 4 विकेट से हरा दिया है । कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही उसने अपने शीर्ष बल्लेबाज खो दिए। कैमरन ग्रीन और सौरभ दुबे की घातक गेंदबाजी के कारण रयान रिकेटन (6), रोहित शर्मा (15) और सूर्यकुमार यादव (15) सस्ते में पवेलियन लौट गए। बारिश की बाधा के बीच कप्तान हार्दिक पांड्या (26) और तिलक वर्मा (20) ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन सुनील नारायण की शानदार स्पिन के आगे वे ज्यादा देर टिक नहीं सके। आखिरी ओवरों में कॉर्बिन बॉश की 18 गेंदों में 32 रनों की तेज पारी की बदौलत मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 147 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। केकेआर की ओर से सुनील नारायण ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 13 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि ग्रीन, दुबे और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट चटकाए।
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज फिन एलन सिर्फ 8 रन बनाकर दीपक चाहर का शिकार बन गए। कप्तान रहाणे ने 21 रन बनाए लेकिन वह भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इस मुश्किल स्थिति में अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे (45 रन, 33 गेंद) और रोवमैन पॉवेल (40 रन, 30 गेंद) ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच हुई 64 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी ने केकेआर की जीत की नींव रखी। हालांकि जसप्रीत बुमराह और कॉर्बिन बॉश (3 विकेट) ने बीच में झटके देकर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की, लेकिन रिंकू सिंह (9*) और अनुकूल रॉय (4*) ने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर केकेआर को 7 गेंदें शेष रहते 4 विकेट से जीत दिला दी। इस जीत के साथ कोलकाता के 13 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंचकर प्ले-ऑफ की दौड़ में बरकरार है, जबकि पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस को इस सीजन की 9वीं हार का सामना करना पड़ा है।
आईपीएल 2026: मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल के दमदार प्रदर्शन की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर प्ले-ऑफ की उम्मीदों को रखा जिंदा
